दिनचर्या में लापरवाही से जल्दी आ सकता है बुढ़ापा और रोग जानिये क्या है उपाय

Health Tips: रात को जल्दी सोना और सुबह जल्दी जागना सेहत के लिए बेहतर होता है।

आज अधिकतर पुरूष और महिला ऐसे हैं जो स्वास्थ्य का ध्यान नहीं रख पाते और ऐसे में वे समय से पहले ही बुढ़ापे का शिकार हो जाते हैं। बुढ़ापा अर्थात जल्दी बाल सफेद होना, शरीर कमजोर हो जाना, गाल अंदर बैठना, जल्दी थक जाना, चेहरा निस्तेज हो जाना, पाचन-तंत्र बिगड़ना, आंखें कमजोर होना आदि। बुढ़ापे के यह लक्ष्ण अब युवाओं में भी नजर आने लगे हैं। यदि दिनचर्या सही नहीं है तो न केवल बुढ़ापा बल्कि बीमारी की चपेट में भी आप सकते हैं।

Health Tips hindi
आहार व पोषण विशेषज्ञ डा. आरती मेहरा के अनुसार कई बार व्यक्ति उन तरीकों को अपनाता है जो उनके स्वस्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डालते हैं। इसमें से एक है जरूरत से ज्यादा पानी पीना। कई लोग यह मानते हैं कि अधिक मात्रा में पानी पीने से व्यक्ति स्वस्थ रहता है लेकिन वे यह नहीं जानते हैं कि किडनी को उतना ही अधिक कार्य भी करना होगा। अधिकता सभी जगह बुरी होती है और यह बात हमें समझना होगी। आयुर्वेद के अनुसार बहुत अधिक मात्रा में पानी पीने से व्यक्ति में जल्दी बुढ़ापा आता है।

अधिक पानी पीने से वात, पित्त और कफ का संतुलन बिगड़ जाता है। भोजन करते समय और भोजन के तुरंत बाद पानी नहीं पीना चाहिए। पानी हमेशा बैठकर ही पानी पीना चाहिए खड़े होकर नहीं पीना चाहिए। पानी स्वच्छ हो इस बात का ध्यान रखना जरूरी है। दिन भर में 2 से 3 लीटर ही पानी स्वस्थ व्यक्ति को पीना चाहिए। इसके अलावा सोने-जागने की आदत में भी सुधार जरूरी है। प्रकृति ने हमारे शरीर में एक घड़ी दी है जिसे बायोलाजिकल क्लाक कहा जाता है। प्राचीनकाल में मनुष्‍य इस घड़ी के अनुसार ही कार्य करता था और उसके अनुसार ही जागता-सोता था। इससे उसके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता।

रात को जल्दी सोना और सुबह जल्दी जागना सेहत के लिए बेहतर होता है। आज के मानव की दिन और रातचर्या बदल गई है। देर तक टीवी देखना या आफिस में काम करना और उसके बाद दिनभर या सुबह देर तक सोना उसकी आदत बनती जा रही है। यह आदत भी रोग और बुढ़ापे को आमंत्रित करती है।