अचानक पहुंचे इंदौर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान समेत कई कैबिनेट मंत्री

 इंदौर. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) रविवार सुबह इंदौर पहुंचे। वे भाजपा प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत (Suhas Bhagat) की मां शुभांगी भगत के अंतिम दर्शन करने के लिए इंदौर आए थे। लगभग एक घंटे इंदौर में रहने के बाद वे भोपाल लौट गए। सुबह करीब 9 बजे मुख्यमंत्री राजकीय विमान से इंदौर पहुंचे। एयरपोर्ट से वे सीधे भगत के निवास पर पहुंचे। यहां चौहान ने भगत की मां की पार्थिव देह पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि अर्पित की। चौहान ने शुभांगी भगत के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। मुख्यमंत्री लगभग एक घंटे शोकाकुल परिवार के साथ रहे, फिर वापस भोपाल लौट गए। भगत की मां का शनिवार रात निधन हो गया था। उनकी अंत्येष्ठी रविवार सुबह 11 बजे रामबाग मुक्तिधाम पर की गई।

मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान समेत कई कैबिनेट मंत्री अचानक पहुंचे इंदौर


भाजपा अध्यक्ष सहित कई मंत्री भी पहुंचे
भाजपा संगठन मंत्री की मां के निधन पर उनके यहां शोक व्यक्त करने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री उषा ठाकुर, कृषि मंत्री कमल पटेल, सूक्ष्म लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री ओमप्रकाश सखलेचा सहित भाजपा के कई विधायक व नेता भगत के आवास पहुंचे।

सुबह से ही मंत्रियों के आने का शुरू हो गया था सिलसिला
मालूम हो, भाजपा के प्रदेश संगठन मंत्री सुहास भगत (Suhas Bhagat) की मां शुभांगी देवी का निधन शनिवार को उनके इंदौर स्थित आवास पर हो गया था। भगत के निधन पर रविवार सुबह से ही पार्टी नेताओं के उनके आवास पर आने का सिलसिला शुरू हो गया था। अंतिम यात्रा में पर्यटन मंत्री उषा ठाकुर, कृषि मंत्री कमल पटेल, पूर्व मंत्री पारस जैन, प्रदेश महामंत्री भगवानदास सबनानी, सह संगठन मंत्री हितानंद शर्मा, शैलेंद्र बरुआ, भोपाल के पूर्व महापौर आलोक शर्मा, गुना सांसद केपी यादव समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।